पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के निर्देश पर दंगवार ओपी चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक काले रंग की XUV500 कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्ध XUV500 को रोका गया. तलाशी लेने पर वाहन से अवैध टनाका शराब की चार पेटियां बरामद हुईं. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक विक्रांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बहेरा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए हुसैनाबाद इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि बरामद शराब को तस्करी के जरिए बिहार ले जाया जा रहा था. पुलिस को पहले से ही अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके बाद चेकिंग अभियान को और सख्त किया गया. वाहन जांच के दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 292/3(5) बीएनएस तथा एक्साइज एक्ट 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मेदिनीनगर जेल भेज दिया गया.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ एसआई कालिका राम, हवलदार जगदीश गोप और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोग भी अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की इस पहल की सराहना कर रहे हैं.

