हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग का शार्प शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार, फायरिंग की थी तैयारी

    हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग का शार्प शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार, फायरिंग की थी तैयारी

    हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में संगठित अपराध और रंगदारी गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. लोहसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था.

    हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतरा गांव में राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य जमा हुए हैं और इलाके में दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कर रहे थे.

    गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम डंपिंग यार्ड के समीप छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी हजारीबाग जिले के पगमील स्थित आजाद नगर, पेलावल का रहने वाला बताया जा रहा है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, एक खाली मैगजीन, पांच खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया. बरामद हथियारों और सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है.

    बताया जा रहा है कि कि वह बानादाग रेलवे साइडिंग क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और लेवी वसूली की घटना को अंजाम देने जा रहा था. पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से इलाके में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है.इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 57/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पहले भी लगातार कार्रवाई की गई है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और रंगदारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.



    Related News