JAC 10वीं रिजल्ट से पहले बड़ा अलर्ट: फर्जी लिंक और अफवाहों से रहें सावधान, जानिए जैक ने क्या दिए निर्देश

    JAC 10वीं रिजल्ट से पहले बड़ा अलर्ट: फर्जी लिंक और अफवाहों से रहें सावधान, जानिए जैक ने क्या दिए निर्देश

    रांची (RANCHI): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कक्षा 10वीं के रिजल्ट जारी होने से पहले छात्रों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. बोर्ड ने साफ तौर पर कहा है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और फर्जी लिंक से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें.

    इस वर्ष 10वीं की परीक्षाएं 3 फरवरी से 17 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं, जिसमें राज्य भर से करीब 4,23,821 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे. अब सभी को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है. इसी बीच 17 अप्रैल की रात सोशल मीडिया पर रिजल्ट जारी होने की खबर तेजी से फैल गई, जिससे छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई. कुछ लोगों ने स्क्रीनशॉट साझा कर यह दावा भी किया कि रिजल्ट जारी हो चुका है.

    हालांकि, JAC ने इन खबरों को भ्रामक बताते हुए छात्रों को सतर्क रहने को कहा है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे साइबर ठगी या गलत जानकारी का खतरा हो सकता है.

    बोर्ड ने यह भी अपील की है कि छात्र धैर्य बनाए रखें और रिजल्ट से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल से ही प्राप्त करें. जैसे-जैसे रिजल्ट की तारीख नजदीक आ रही है, इस तरह की अफवाहें बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है.

    रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इसे आसानी से ऑनलाइन देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले jacresults.com वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर दिए गए रिजल्ट सेक्शन में जाकर 10वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें. वहां अपना रोल नंबर दर्ज करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा. छात्र इसे डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं. बोर्ड ने दोहराया है कि सही और सुरक्षित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.



    Related News