दुमका(DUMKA): दुमका जिला के मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के केशिया बहाल गांव में एक बड़ा हादसा टल गया. रामनवमी के अवसर पर ध्वजारोहण के दौरान बांस बिजली के तार के संपर्क में आ गया. इस घटना में एक महिला झुलस गई जिसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार पूनम कुमारी नामक महिला रामनवमी के मौके पर अपने मायके मुफ़स्सिल थाना के केशिया बहाल गांव आयी थी. घर में रामनवमी को लेकर महावीरी झंडा बदला जा रहा था. कच्चा बांस में महावीरी झंडा लगाकर ध्वजारोहण किया जा रहा था. अचानक बांस घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार की चपेट में आ गया. उस वक्त बांस के संपर्क में एक महिला थी, जिसके गोद में एक मासूम भी था. लोगों की तत्परता से पूनम को बांस के संपर्क से दूर किया गया. गनीमत थी कि बच्चा गोद से बिजली का झटका लगते ही जमीन पर गिर गया. इस घटना में पूनम झुलस गई. आनन फानन में परिजन उसे लेकर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. अस्पताल के बर्न वार्ड में उसे भर्ती कराया गया जहाँ उसका इलाज चल रहा है. महिला का ससुराल रानीश्वर थाना के महेश बथान गांव में है और उसके पति का नाम बाशब मंडल है.
रिपोर्ट: पंचम झा
Thenewspost - Jharkhand
4+

