JSSC-CGL को लेकर आज महाघेराव: प्रशासन ने छात्रों को चेताया, कहा-उपद्रवियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

    JSSC-CGL को लेकर आज महाघेराव: प्रशासन ने छात्रों को चेताया, कहा-उपद्रवियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

    रांची (RANCHI) : JSSC-CGL को लेकर आज अभ्यर्थी जेएसएससी कार्यालय का महाघेराव करेंगें. इसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जेएसएससी कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है. छात्रों के इस प्रदर्शन को देखते हुए सीएम हाउस, राजभवन, सचिवालय और कई अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. सीएम हाउस और राजभवन की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड्स भी लगा दिए गए हैं.

    ट्रैफिक रूट को भी किया गया डाइवर्ट

    बताते चलें कि कई जिलों से बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने की संभावना है. इससे यातायात व्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है, इसलिए जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है.

    प्रशासन ने छात्रों को चेताया, कहा-उपद्रवियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

    वहीं JSSC कार्यालय घेराव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर रांची जिला प्रशासन ने छात्रों के लिए संदेश जारी कर उन्हें चेताया है. "एसडीओ ने झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग नामकुम के कार्यालय के पास धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की है, जिसके तहत धरना, प्रदर्शन आदि करना गैरकानूनी है. आप सभी से अपील है कि किसी भी तरह के हिंसक प्रदर्शन में भाग लेने से बचें. ऐसी गतिविधियां न केवल कानून-व्यवस्था के लिए समस्या पैदा करती हैं, बल्कि आपकी शिक्षा, भविष्य और करियर पर भी गहरा असर डाल सकती हैं."

    यदि आप किसी हिंसक या गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं, तो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. यह कार्रवाई आपके शैक्षणिक रिकॉर्ड और भविष्य की नौकरी की संभावनाओं को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है. आजकल अधिकांश नौकरियों के लिए पुलिस सत्यापन की आवश्यकता होती है और कोई भी नकारात्मक रिकॉर्ड आपके करियर की राह में बाधा बन सकता है और न केवल सरकारी नौकरियों में बल्कि निजी कंपनियों में भी नौकरी या अनुबंध प्राप्त करने में बाधा बन सकता है.

    आपकी प्राथमिकता आपकी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य होनी चाहिए. किसी भी समस्या या शिकायत के लिए शांतिपूर्ण और कानूनी तरीका अपनाएं. आक्रामकता से न तो कोई समाधान निकलेगा और न ही यह आपके या समाज के हित में है. यदि आपको परीक्षा से संबंधित कोई शिकायत है, तो शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कहें और किसी भी तरह की आक्रामकता न दिखाएं. आप देश और राज्य के नेता हैं. कृपया धैर्य रखें, शांति बनाए रखें और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें. इसलिए गुमराह न हों और कानूनी प्रक्रिया का पालन करें.

    आपको बता दें कि झारखंड सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक के खिलाफ छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. आज रांची के नामकुम स्थित कार्यालय पर हजारों की संख्या में छात्र जुटने वाले हैं. इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news