माधवास रॉक बैंड ने धनबाद में मचाया धमाल ,हर उम्र के पांव खूब थिरके 

    माधवास रॉक बैंड ने धनबाद में मचाया धमाल ,हर उम्र के पांव खूब थिरके

    धनबाद(DHANBAD): शनिवार की रात धनबाद में  मानो  वृंदावनधाम उतर आया था.  माधवास रॉक बैंड ने ऐसी समां बाँधी   कि  सब के पांव थिरकने को मजबूर हो गए. अवसर था मारवाड़ी विकास ट्रस्ट की ओर से आयोजित दिवाली मिलन समारोह का.  समारोह में भारी भीड़ जुटी  थी.  कृष्ण भक्त अति उत्साह में दिख रहे थे.  धनबाद में पहली बार माधवास रॉक बैंड आया था.  एक से एक भजनों की प्रस्तुति के बीच राधा कृष्ण बने कलाकारों के साथ भक्तों ने एक दूसरे पर खूब फूल बरसाए.  श्री कृष्ण के भजनों पर झूमते भक्त गरबा भी  करते दिख रहे थे. कार्यक्रम में भजनों की रसधारा बहती रही.  राधे किशोरी दया करो....  श्यामा लाडली दया करो, कान्हा रे मैंने तुझे अपना माना रे, जैसे रहे तुम अर्जुन के सखा, वैसे रहना तुम मेरे सदा, मुझे चरणों में लगा ले...  मेरे श्याम मुरली वाले आदि भजनों पर देर रात तक भक्त झूमते रहे.  

    उत्साहित भक्त बढ़ा रहे थे कलाकारों का मनोबल 

    दिवाली मिलन समारोह में माधवास रॉक बैंड की ओर से प्रस्तुत कार्यक्रम में हर उम्र के भक्त उत्साहित दिखे.  हर उम्र के लोगों ने आयोजन का भरपूर आनंद उठाया.  कृष्ण भक्त कलाकारों के साथ केवल झूमते ही नहीं दिखे बल्कि सेल्फी लेते भी नजर आये. आयोजन स्थल के बाहर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी और आयोजन स्थल के भीतर हजारों हजार लोग मौजूद थे.  जैसे-जैसे कार्यक्रम जवान होता  गया, लोग श्री कृष्ण के भक्ति रस में सराबोर होते गए.  हर ओर  राधे कृष्ण की जय कारे लग रहे थे.  दिवाली मिलन समारोह का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर व नरसिंह आरती के साथ हुई.  इस कार्यक्रम में राजनेता, अधिकारी सहित धनबाद के कृष्ण भक्त मौजूद रहे और भक्ति रस का भरपूर आनंद उठाया. 



    Related News