सोशल मीडिया से बुलाकर नशीला पदार्थ दिया, फिर बनाई अश्लील वीडियो,जानिए कहां का है मामला

    सोशल मीडिया से बुलाकर नशीला पदार्थ दिया, फिर बनाई अश्लील वीडियो,जानिए कहां का है मामला

    धनबाद(DHANBAD): आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर दोस्ती करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन यही आसान शुरुआत कई बार खतरनाक जाल में बदल जाती है. एक क्लिक से शुरू हुई बातचीत कब किसी बड़ी साजिश का हिस्सा बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. जिले में हनीट्रैप का एक मामला सामने आया है. जहां एक व्यवसायी को दोस्ती के बहाने फंसाकर न सिर्फ ब्लैकमेल किया गया, बल्कि उससे लाखों रुपये भी ठग लिए गए. पुलिस की तेज कार्रवाई से अब इस संगठित गिरोह की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं.

    धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में एक महिला मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है. सरायढेला इलाके के एक व्यवसायी की आरोपी महिला से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद महिला ने 28 अप्रैल को उसे अपने घर मिलने के लिए बुलाया. बताया जा रहा है कि जैसे ही व्यवसायी वहां पहुंचा, उसे किसी नशीले पदार्थ के जरिए बेहोश कर दिया गया. इसके बाद एक युवती के साथ उसकी आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया, ताकि बाद में उसे ब्लैकमेल किया जा सके.

    घटना के बाद गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करने लगे. डर के चलते पीड़ित ने करीब 4 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए, जबकि उससे कुल 10 लाख रुपये मांगे गए थे.इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर पैसे निकाल लिए और उसके कुछ कीमती गहने भी अपने कब्जे में ले लिए.

    पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का काम है. इस गैंग में कई युवक और युवतियां शामिल हैं, जो इसी तरह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं. मामले में महिला के पति सहित अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

    लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने बताया कि मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें और किसी के बुलावे पर बिना जांच-पड़ताल के मिलने न जाएं.

     



    Related News