रोंग नंबर से शुरू हुआ प्यार,धोखा और फिर गिरफ्तारी: हिरणपुर पुलिस ने सिलीगुड़ी से पकड़ा भगोड़ा आरोपी

    रोंग नंबर से शुरू हुआ प्यार,धोखा और फिर गिरफ्तारी: हिरणपुर पुलिस ने सिलीगुड़ी से पकड़ा भगोड़ा आरोपी

    पाकुड़ (PAKUR) अपराधियों के लिए अब पाकुड़ पुलिस किसी भी सूरत में नरमी बरतने के मूड में नहीं है. हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने एक बार फिर अपनी सूझबूझ और सक्रियता का परिचय देते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया.

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान अताउल अंसारी (निवासी: सोलागड़िया, पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है, जो युवती से रोंग नंबर के ज़रिए संपर्क में आया था. धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला बढ़ा और आरोपी ने युवती को प्रेम के जाल में फंसा लिया. इस दौरान उसने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए. लेकिन जब युवती ने विवाह की बात की, तो आरोपी ने बहानेबाजी शुरू कर दी और आखिरकार मोबाइल बंद कर फरार हो गया.

    न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने हिरणपुर थाना में अपनी आपबीती बताई. मामला सामने आते ही थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया. विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई सूर्य कुमार राम, एएसआई गोविंद साह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. कड़ी मशक्कत और तकनीकी मदद के जरिये आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर टीम सीधे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंची और उसे धर दबोचा.

    सख्त संदेश अपराधियों को

    हिरणपुर थाना की यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है अपराध करके कोई भी दूर नहीं भाग सकता. थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम लगातार संवेदनशील मामलों में तत्परता दिखा रही है और यह भरोसा दिला रही है कि हर पीड़ित को न्याय मिलेगा.

    रिपोर्ट : नंद किशोर मंडल / पाकुड़


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news