चाईबासा (CHAIBASA): चाईबासा के किरीबुरू क्षेत्र में पुलिस ने एक फरार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है.कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा (नोटिस) जारी किया है.यह मामला शिकायत वाद संख्या 368/2023 का है. इसमे सूरज करूवा नाम के व्यक्ति पर चेक बाउंस (धोखाधड़ी) से जुड़ा केस दर्ज है. आरोपी पर एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत मामला चल रहा है.
कोर्ट के आदेश पर नोटिस जारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश होने के लिए कई बार समन और वारंट भेजे गए, लेकिन वह लगातार फरार रहा.इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं मिला.इसी कारण कोर्ट ने CrPC की धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी करने का आदेश दिया.पुलिस ने अब आरोपी के घर और आसपास के इलाकों में नोटिस चिपका दिया है, ताकि सभी लोगों को इसकी जानकारी मिल सके और आरोपी खुद कोर्ट में पेश हो.
आरोपी को आखिरी मौका
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि यह आरोपी को आखिरी मौका दिया गया है. अगर वह तय समय पर कोर्ट में हाजिर नहीं होता है, तो उसकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी.पुलिस ने साफ कहा है कि कानून से भागने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट-संतोष वर्मा

