धनबाद: कतरास के लकड़का में फटी जमीन, तीन घर हुए जमींदोज


धनबाद(DHANBAD): नए साल के पहले दिन भी धनबाद में धरती फटी और तीन घर जमीन में समा गए. यह घटना हुई है कतरास थाना के लकड़का 9 नंबर बस्ती में. घर के सारे सामान जमीन के भीतर चले गए है. यह संजोग है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. लोग सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे है. यह पूरा इलाका अग्नि प्रभावित क्षेत्र है. ग्रामीण विस्थापन की लगातार मांग कर रहे है. लेकिन उन्हें विस्थापित नहीं किया जा रहा है. सोमवार की सुबह-सुबह जोरदार आवाज के साथ जमीन फटी और तीन घर जमींदोज हो गए. सुबह-सुबह परिवार के लोग ठंड के कारण आग ताप रहे थे, तभी घर के अंदर कुछ हलचल हुई.
इसके बाद लोग दौड़कर बाहर निकले. धीरे-धीरे दीवारों में दरार पड़ने लगी और एकाएक घर जमींदोज होने लगे. इसके बाद तो इलाके में अफरा -तफरी मच गई. हो हल्ला के बाद अगल-बगल के लोग भी जुट गए. कोयलांचल में गोफ बनने , जमीन फटने की घटना लगातार हो रही है. अभी हाल ही में गोंदूडीह में तीन महिलाएं गोफ में समा गई थी. इसके बाद खूब हल्ला मचा लेकिन कोई निदान नहीं निकला. इसके अलावे भी कई घटनाएं हुई है. जब-जब घटना होती है, भरोसा और आश्वासन मिलता है. लेकिन बाद में सब कुछ फिर पुराने तरीके से ही चलने लगता है. नतीजा होता है कि फिर जमीन फटती है, घर समाते हैं लोग जिंदा दफन हो जाते है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+