देवघर: एक साथ कई छात्राएं हुईं बिमार, अस्पताल में इलाजरत, जानिए क्या है मामला


देवघर (DEOGHAR): देवघर के मोहनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में पढ़ रही छात्राओं के बीच अचानक उल्टी-दस्त और बुखार आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना बुधवार की है. जानकारी के अनुसार 100 के आसपास छात्राओं को उल्टी, दस्त और बुखार होने लगा था. आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने सभी को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया. जहां सभी का इलाज चल रहा है. सूचना पर जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री संबंधित अधिकारियों के साथ पहले कस्तूरबा विद्यालय और फिर बच्चों से मिलने अस्पताल पहुंचे. यहां वह सभी स्थिति से अवगत हुए और इलाजरत छात्राओं से उनका हालचाल जाना.
हर बिंदु पर होगी जांच - उपायुक्त
मामले को लेकर जिला उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जल्द जांच करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने बताया कि यह सीजनल बीमारी के लक्ष्ण है, या फिर बच्चियां फ़ूड पॉइजनिंग का शिकार हुई है, सभी बिंदु पर जांच होगी. अस्पताल में उन्होंने सिविल सर्जन को बेहतर इलाज करने का निर्देश भी दिया. साथ ही फ़ूड सेफ्टी अधिकारी को भी जांच का निर्देश दिया है.
प्रबंधन की लापरवाही
सूत्रों के अनुसार कल जब अचानक सभी छात्राएं बीमार होने लगी तो वहां के वार्डन ने कुछ बच्चियों को उनके परिजन को बुलाकर घर भेज दिया. अब बात जो भी हो लेकिन एक साथ सैकड़ों छात्राओं का बीमार होना कहीं न कहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही होने की बात भी की जा रही है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+