Jharkhand: शिबू सोरेन के परिवार के कौन जाएंगे राज्य सभा,दीपक प्रकाश का कार्यकाल भी इसी साल तक!


धनबाद(DHANBAD) : 2026 में झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव संभावित है. झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन के निधन से एक सीट खाली हो गई है और बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल भी इसी साल खत्म हो रहा है. इसलिए चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा से कौन राज्यसभा का उम्मीदवार होगा, तो झामुमो में से कौन होगा? भाजपा से उम्मीदवारी को लेकर भाजपा के नेता मुंह बंद रखे हुए है. छोटे से लेकर बड़े नेता भी कुछ नहीं बोल रहे हैं. जून 2026 में दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
शिबू सोरेन के निधन के कारण सीट खाली हुई है,एक और सीट खाली होगी
शिबू सोरेन के निधन के कारण सीट खाली हुई है. इधर, झामुमो की ओर से गुरु जी की जगह पर कौन राज्यसभा जाएगा, इसकी भी चर्चा तेज हो गई है. झारखंड में झामुमो बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. बहुत दिनों के बाद ऐसा हुआ है, जब शिबू सोरेन परिवार का कोई भी सदस्य राज्यसभा और लोकसभा में नहीं है. इस बार झामुमो किसको राज्यसभा भेजेगा , इसको लेकर कई तरह की अटकलें शुरू हो गई है . एक अटकल शिबू सोरेन की बेटी को लेकर चल रहा है. अंजनी सोरेन का नाम उछल रहा है. अंजनी सोरेन दिशोम गुरु की बेटी हैं.
फिलहाल मयूरभंज में झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीति कर रही हैं
शादी के बाद से वह ओडिशा के मयूरभंज में झारखंड मुक्ति मोर्चा का झंडा उठाकर आदिवासियों की आवाज बुलंद कर रही है. 2019 और 2024 में झामुमो ने ओडिशा विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार भी बनाया था. लेकिन वह चुनाव जीत नहीं पाई. अब जब शिबू सोरेन नहीं रहे, तो उन्हें राज्यसभा में भेजे जाने की चर्चा चल रही है. वैसे ओडिशा के झामुमो नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि अंजनी सोरेन राज्यसभा में जाएँ।
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+