धनबाद(DHANBAD) अपराधियों की "समानांतर सरकार " से झारखंड पुलिस की किरकिरी हो रही है. अब झारखंड पुलिस अपराधियों के खिलाफ "क्रैकडाउन" अभियान शुरू करने की तैयारी में है. पुलिस अब उन्हें "पाताल" से भी खोज निकालेगी। फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई अब तेज होने वाली है. सूत्रों के अनुसार लगभग 200 अपराधियों के खिलाफ इनाम घोषित करने की तैयारी है. ऐसे अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जो अपराध करने के बाद फरार है. इस अभियान में राज्य के सभी ज़िलों को शामिल किया गया है. एक आकलन के अनुसार 200 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ इनाम घोषित किया जा सकता है. पुलिस मुख्यालय ने झारखंड के सभी जिलों में अपराधियों को चिन्हित करने की कार्रवाई तेज कर दी है. इनाम घोषित होने वालो की संख्या बढ़ भी सकती है.
सूची में झारखंड के कुख्यात अपराधियों को प्राथमिकता ---
वैसे अपराधियों को प्राथमिक सूची में रखा गया है, जो हत्या ,रंगदारी, धमकी अथवा लेवी कलेक्शन में शामिल हैं. जानकारी के अनुसार डीजीपी ने तमाम जिले के कप्तान को निर्देश दिया है कि अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. दरअसल, झारखंड में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. रंगदारी के लिए फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही है. कारोबारियों को धमकाया जा रहा है. पुलिस मुख्यालय में इसके खिलाफ एक्शन की कार्य योजना बनाई है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ इनाम घोषित करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है.
इनाम घोषित होने के बाद अरेस्टिंग में पुलिस को मिल सकती है मदद
इनाम घोषित होने के बाद उनकी गिरफ्तारी में मदद मिल सकती है. संगठित अपराध को नियंत्रित करने में भी इससे मदद मिल सकती है. दरअसल, झारखंड में गैंगस्टर जहां मन में आ रहा है, रंगदारी के लिए फायरिंग करा दे रहे है. ताजा मामले में रांची में एक होटल में फायरिंग कर एक की हत्या के बाद बम से उड़ने की धमकी से पुलिस की किरकिरी हो रही है. मंगलवार को विधानसभा में भी अपराधियों की "समानांतर व्यवस्था" का मामला उठा. भाजपा के सचेतक सहित अन्य नेताओं ने अपराध की घटनाओं पर पुलिस एक्शन पर सवाल किया। झारखंड पुलिस फिलहाल एक्शन के दबाव में है.
धनबाद पुलिस के साथ दो दिन पहले हुआ था एनकाउंटर --
बता दें कि दो दिन पहले धनबाद में लेवी वसूलने पहुंचे अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई थी. इस घटना में एक अपराधी घायल हो गया था , जबकि दरोगा के हाथ में गोली लगी थी. लेवी वसूलने पहुंचे अपराधियों का जब पुलिस से सामना हुआ तो पुलिस पर फायरिंग कर दी थी. पुलिस पर बम भी चार्ज किया था. भागे दूसरे अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था , जबकि घायल अपराधी का इलाज चल रहा है और पुलिस उससे कुख्यात प्रिंस खान के नेटवर्क की जानकारी लेने की कोशिश कर रही है. फिलहाल वह अस्पताल में है. वह बहुत कुछ बताने की स्थिति में नहीं है. धनबाद पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है. धनबाद पुलिस का यह एक तरह से अपराधियों के खिलाफ "क्रैकडाउन" अभियान बताया जा रहा है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


