अधिवक्ता राजीव कुमार 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर, रांची कोर्ट में वकीलों ने नहीं किया काम


रांची (RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार को कोलकाता पुलिस ने लाखों रुपए कैश के साथ रविवार को गिरफ्तार किया. आज उनको कोलकाता की सिटी एवं सेशन कोर्ट के समक्ष पेश किया गया. कोर्ट ने राजीव कुमार को जमानत देने से इंकार कर दिया और उन्हें 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. राजीव की ओर से कोलकाता के अधिवक्ता रवि शंकर चटर्जी ने पक्ष रखा. बता दें कि राजीव कुमार नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के एक केस में पैरवी के लिए कोलकाता गये हुए थे.
पुलिस ने उन्हें कोलकाता के बड़ा बाजार स्थित हैरिसन रोड के एक मॉल से हिरासत में लिया था।.पूछताछ के बाद पुलिस ने राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था. कोलकाता मध्य इलाके के लालबाजार एंटी राउडी स्क्वॉयड (एआरएस) पुलिस टीम ने हेयर स्ट्रीट थाने के साथ मिलकर कार्रवाई की करते हुए उन्हें हिरासत में लिया था. अधिवक्ता की गिरफ्तारी को लेकर कोलकाता पुलिस ने झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सेक्रेटरी को पत्र लिख कर जानकारी दी है. पत्र में लिखा गया है कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के गौरी शंकर नगर में रहने वाले राजीव कुमार को बीते 31 जुलाई को रात के नौ बजे गिरफ्तार किया गया है.
इधर, अधिवक्ता राजीव कुमार की गिरफ्तारी का झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने विरोध किया है. एडवोकेट एसोसिएशन की बैठक के बाद सभी अधिवक्ताओं ने कार्य का बहिष्कार कर दिया. अधिवक्ताओं की मांग है कि जब तक राजीव कुमार को उनके समक्ष प्रस्तुत नहीं किया जाता…तब तक वह किसी भी प्रकार की न्यायिक प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे.
4+