बिना बैंक के चक्कर लगाए, अब जीविका दीदियों को मिलेगा मोबाइल से लोन

    बिना बैंक के चक्कर लगाए, अब जीविका दीदियों को मिलेगा मोबाइल से लोन
    बिहार की लाखों महिलाओं अब महिलाएं बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (जीविका) के मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से लोन प्राप्त कर सकेंगी

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): बिहार की लाखों महिलाओं अब महिलाएं बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (जीविका) के मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से लोन प्राप्त कर सकेंगी. इस नई सुविधा के तहत महिलाएं एक सप्ताह के भीतर 2 लाख रुपये तक का ऋण ले सकेंगी. यह व्यवस्था अप्रैल महीने से लागू होने जा रही है, जिससे राज्य की बड़ी संख्या में महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा.

    जानकारी के अनुसार, इस पहल से करीब 1 करोड़ 60 लाख जीविका दीदियों को फायदा होने की उम्मीद है. जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं लंबे समय से आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में सक्रिय रही हैं. अब इस डिजिटल सुविधा के शुरू होने से उन्हें लोन लेने की प्रक्रिया और भी आसान हो जाएगी.

    सरकार की ओर से शुरू किए जा रहे इस ऐप के माध्यम से महिलाएं 15 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का लोन प्राप्त कर सकेंगी. इससे पहले कई बार महिलाओं को ऋण लेने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल ऐप के जरिए यह प्रक्रिया काफी सरल हो जाएगी. महिलाएं अपने फोन से ही आवेदन कर सकेंगी और तय समय के भीतर उन्हें ऋण मिल सकेगा.

    सरकार का मानना है कि इस कदम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही वे छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार और अन्य आय के साधनों को शुरू करने या बढ़ाने में सक्षम होंगी. जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं पहले से ही कई तरह के छोटे व्यवसायों से जुड़ी हैं और यह लोन सुविधा उनके काम को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती है.

    अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है. आसान और तेज लोन प्रक्रिया के जरिए महिलाएं अपने आर्थिक फैसले खुद ले सकेंगी और अपनी आजीविका के नए अवसर भी तलाश सकेंगी.

    अप्रैल से शुरू होने वाली यह सुविधा राज्य की महिलाओं के लिए एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news