जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर पुलिस ने जुगसलाई थाना की दुखों मार्केट के निकट डाउन लाइन रेलवे ट्रैक से एक युवक का शव बरामद किया. वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक ने ट्रेन की आखिरी बोगी से कूदकर आत्महत्या कर ली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी.
ट्रेन का परिचालन रहा अवरुद्ध
इस घटना के बाद डाउन लाइन में लगभग 20 मिनट तक ट्रेन का परिचालन अवरुद्ध रहा. डाउन लाइन में शव देख हावड़ा मुंबई गीतांजली एक्सप्रेस के चालक ने ट्रेन को डाउन लाइन में खड़ी कर दी जिसकी वजह से लगभग आधे घंटे रेलवे फाटक भी जाम रहा. जानकारी मिलते ही आरपीएफ,जीआरपी और स्थानीय थाने के पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक से डाउन लाइन में लोकल ट्रेन पार होने के दौरान अंतिम बोगी और रेलवे ट्रैक के बीच में कूदकर आत्महत्या कर ली.
एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
वहीं घटना के संबंध में परिजनों को भी पता चलने पर परिजन रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और शव की पहचान 18 वर्षीय राजकुमार महतो के रूप में की. परिजनों के अनुसार युवक दो दिन से घर से बाहर नहीं निकलता था और 1 दिन पहले उसने अपना जन्मदिन मनाया. आज सुबह 10 बजे वह घर से निकला और फिर लौट कर नहीं आया.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर


