जमशेदपुर: परिवहन नीति के खिलाफ यूनियन ने आंदोलन का किया ऐलान, 25 दिसंबर से पूरे सड़क परिवहन व्यवस्था को किया जाएगा ठप्प

    जमशेदपुर: परिवहन नीति के खिलाफ यूनियन ने आंदोलन का किया ऐलान, 25 दिसंबर से पूरे सड़क परिवहन व्यवस्था को किया जाएगा ठप्प

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन ने आगामी दिनों मे केंद्र और राज्य सरकार के परिवहन नीति के खिलाफ आंदोलन करने का एलान कर दिया है. आगामी 25 दिसंबर से यूनियन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और पुरे सड़क परिवहन व्यवस्था को ठप्प कर देगी. यूनियन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने इस बाबत कहा कि झारखण्ड राज्य बिहार से अलग हुए 22 वर्ष हो चुके हैँ और क्षेत्रफल के हिसाब से ये छोटा भी हो चूका है. बावजूद इसके आज भी संयुक्त बिहार के तर्ज पर ही टैक्स की वसूली की जा रही है. साथ ही विगत कोरोना काल मे केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर तमाम वाहन मालिकों ने अपने वाहन खडे कर दिये थे, लेकिन उसमे भी किसी प्रकार की टैक्स मे कोई छूट नहीं दी गई.

    परिवहन नीति से बड़े से छोटे वाहन वाले सभी परेशान

    उन्होने कहा कि परिवहन नीति पूर्व की भांति चली आ रही है, जिससे न केवल बड़े और भारी वाहन बल्कि छोटे माल वाहक वाहन, ऑटो यहां तक कि दो पहिया वाहन चालक भी अतिरिक्त टैक्स का बोझ ढो रहे हैँ. ऐसे मे इस परिवहन नीति को अब यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगी.  उन्होने कहा कि वे एक माह का समय राज्य और केंद्र सरकार को दे रहे हैँ, अगर राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस पर कोई फैसला नहीं लेती तो आगामी 25 दिसंबर को जमशेदपुर से चक्का जाम आंदोलन शुरू किया जायेगा. इस आंदोलन के तहत तमाम परिवहन के साधनों को ठप्प कर दिया जायेगा और अंतिम सांस तक यह आंदोलन चलेगा.

    रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर



    Related News