पलामू(PALAMU): पलामू में रेलवे ने यात्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के अंतर्गत डेहरी ऑन सोन से सिगसिगी रेलखंड तक सभी स्टेशनों पर अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी. इस पहल के तहत जपला, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, सतबहिनी, उंटारी रोड, करकटा, नवाडीह और नबीनगर समेत सभी स्टेशनों को हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था से लैस किया जा रहा है.
रेलवे टेलीकॉम विभाग ने इस परियोजना की शुरुआत सिगसिगी स्टेशन से कर दी है. इसके बाद क्रमवार सभी स्टेशनों पर 8 से 10 हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों की मदद से स्टेशन के हर कोने पर नजर रखी जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत ट्रैक किया जा सके. इस पूरी व्यवस्था का ब्लूप्रिंट पहले ही तैयार कर लिया गया है ताकि कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर न रहे.
इन सभी कैमरों की लाइव फीड की मॉनिटरिंग जपला आरपीएफ पोस्ट में बनाए जा रहे अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी. यहां रेलवे सुरक्षा बल के जवान और अधिकारी 24 घंटे लगातार निगरानी रखेंगे. रेलवे का मानना है कि इस कदम से चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगेगी. साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा भी और मजबूत होगी. किसी भी घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान करना आसान होगा.

