रांची (RANCHI): झारखंड में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के नतीजे जारी होते ही एक बार फिर छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. झारखंड अधिविध परिषद (JAC) द्वारा घोषित परिणामों में आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस तीनों संकायों की मेरिट लिस्ट में लड़कियों ने शीर्ष स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड कायम किया है. इस उपलब्धि ने न केवल परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है.
Arts की बात करें तो बोकारो जिले के कसमार स्थित के.एम. प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा छोटी कुमारी ने 478 अंक हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया. उनकी इस सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का काम किया है. वहीं दूसरे स्थान पर दुमका के प्लस टू नेशनल हाई स्कूल के अंकित कुमार 474 अंकों के साथ रहे, जबकि रांची के प्रोजेक्ट हाई स्कूल, सादमा की अंशु कुमारी ने 473 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया.
वाणिज्य संकाय (Commerce) में भी छात्राओं का दबदबा साफ नजर आया. रांची स्थित योगदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय, जगन्नाथपुर की श्वेता प्रसाद ने 478 अंकों के साथ टॉप कर राज्य में अपनी पहचान बनाई. दूसरे स्थान पर बाल कृष्णा प्लस टू हाई स्कूल के कृष कुमार वर्णवाल 472 अंकों के साथ रहे, जबकि चाईबासा के सेंट जेवियर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रियांशी खत्री ने 471 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.
विज्ञान संकाय (Science) में भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा. धनबाद के डीएवी प्लस टू स्कूल, पाथरडीह की रशिदा नाज ने 489 अंक प्राप्त कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया. वहीं पलामू के मोहम्मद फैजान आलम 483 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. तीसरे स्थान पर चतरा की आकांक्षा कुमारी और मोहम्मद साना आफरीन ने 481 अंकों के साथ संयुक्त रूप से जगह बनाई.
इस साल के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि झारखंड की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं. इन शानदार नतीजों से राज्य में शिक्षा के स्तर में हो रहे सुधार और विद्यार्थियों की मेहनत का साफ संकेत मिलता है.

