सांसद ढुल्लू महतो की पहल : सिंदरी को मिल सकती  है एम्स जैसे अस्पताल की सुविधा

    सांसद ढुल्लू महतो की पहल : सिंदरी को मिल सकती  है एम्स जैसे अस्पताल की सुविधा
    सांसद ढुल्लू  महतो द्वारा उठाए गए कई महत्वपूर्ण  मुद्दों पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लेते हुए सकारात्मक पहल की है

    धनबाद(DHANBAD):  सांसद ढुल्लू महतो द्वारा उठाए गए कई महत्वपूर्ण  मुद्दों पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लेते हुए सकारात्मक पहल की है.  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सांसद  को पत्र भेजकर इन विषयों पर कार्रवाई की जानकारी दी है. सांसद  ने सिंदरी क्षेत्र से जुड़े कई लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था.  इनमें एफसीआईएल  के कर्मचारियों के लीज समझौते से जुड़ी समस्याएँ, छाताटांड़ गाँव में यूआरएल सेंटरिंग टैंक से पेयजल आपूर्ति तथा एफसीआई सिंदरी यूनिट की अनुपयोगी भूमि पर एम्स स्तर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे. 

    केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने पत्र में बताया है कि एफसीआईएल एवं वीएसएस के कर्मचारियों के लीज समझौते से संबंधित मामले को संबंधित विभाग द्वारा परीक्षण के लिए  भेजा गया है और इसकी विस्तृत समीक्षा की जा रही है. इसी प्रकार, छाताटांड़ गाँव में यूआरएल सेंटरिंग टैंक से पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में मंत्रालय को अवगत कराया गया है कि उक्त क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध करा दी गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिली है।इसके अतिरिक्त सांसद ढुलू महतो द्वारा उठाए गए एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव एफसीआई सिंदरी यूनिट की अनुपयोगी भूमि पर एम्स स्तर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के संबंध में भी केंद्रीय मंत्री ने बताया है कि इस विषय को संबंधित विभाग के पास परीक्षण के लिए  भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है. 

    सांसद ढुल्लू महतो  ने कहा कि धनबाद एवं सिंदरी क्षेत्र के विकास और जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं.  उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष क्षेत्र से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को मजबूती से रखा जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ, स्वच्छ पेयजल और आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह सकारात्मक रुख क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है.  सांसद ने विश्वास जताया कि इन सभी मामलों में शीघ्र ही ठोस और सकारात्मक निर्णय सामने आएंगे, जिससे धनबाद और सिंदरी क्षेत्र की जनता को व्यापक लाभ मिलेगा।

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news