रांची (RANCHI): राजधानी समेत राज्य के कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल और डीजल की सीमित आपूर्ति ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने जैसी स्थिति बन गई है, जबकि कुछ जगहों पर वाहन चालकों को तय मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि कई पेट्रोल पंपों ने चारपहिया वाहनों के लिए फुल टैंक सुविधा पर अस्थायी रोक लगा दी है.
शहर के कई पेट्रोल पंपों पर “नो स्टॉक” और “पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं है” जैसे बोर्ड लगाए गए हैं. इससे वाहन चालकों के बीच बेचैनी का माहौल बन गया है. कई लोग पेट्रोल पंपों से बिना ईंधन लिए वापस लौटते दिखाई दिए, जबकि कुछ जगहों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं. दोपहिया वाहनों को सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा है, वहीं चारपहिया वाहन चालकों को फुल टैंक की अनुमति नहीं दी जा रही.
ईंधन संकट की खबरों के बाद लोगों में घबराहट भी बढ़ने लगी है. कई उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल भरवाने की कोशिश कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि जल्द हालात सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में परिवहन व्यवस्था और दैनिक जीवन पर बड़ा असर पड़ सकता है. कुछ लोगों ने इस स्थिति को अंतरराष्ट्रीय हालात से भी जोड़कर देखा है. उनका मानना है कि खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ रहा है, जिससे भारत में भी सप्लाई प्रभावित हो रही है.

