पाकुड़(PAKUR): जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक डिलीवरी बॉय को देर शाम प्रेमिका से मिलना महंगा पड़ गया.युवक और युवती को एक साथ देख गांव के लोगों ने युवक को बंधक बनाया और जमकर पीटाई कर दी.मामले की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मौके पर पहुँच कर युवक को भीड़ से निकाला और थाना ले गई.
बताया जा रहा है कि धोवाडांगा गांव निवासी पिंटू साहा का बेटा नितेश कुमार डिलीवरी का काम करता है.जानकारी अनुसार शनिवार देर शाम नितेश कुमार सामान की डिलीवरी देने के दौरान रामपुर गांव पहुंचा था.इसी दौरान वह अपनी प्रेमिका से मिलने भी चला गया.गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया, जिसके बाद मामला अचानक गरमा गया.बताया जा रहा है कि देखते ही देखते गांव के लोग इकट्ठा हो गए और नितेश कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी.कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
मामले की सूचना किसी तरह हिरणपुर थाना को दी गई.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच से नितेश कुमार को सुरक्षित निकालकर थाने ले आई.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.यह पता लगाया जा रहा है कि मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है.पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.
रिपोर्ट: विकास कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+

