कोयलांचल में अपराधियों की मनमर्जी, सड़क देखती कैमरों को तोड़ कर किया बर्बाद

    कोयलांचल में अपराधियों की मनमर्जी, सड़क देखती कैमरों को तोड़ कर किया बर्बाद

    धनबाद(DHANBAD): सचमुच कोयलांचल में अपराधी बेलगाम हो गए हैं. बात-बात पर फायरिंग करना, रंगदारी के लिए घर पर चढ़कर हमला बोलना, गोली मारकर जान लेने की घटनाओं से तो आवाम भय और दहशत में तो है ही, नए तरह के अपराध का एक और मामला सामने आया है. अब अपराधी कोयलांचल की सडको पर तीसरी आंख को भी सुरक्षित नहीं रहने दे रहे हैं. विडंबना देखिए, सरकारी स्तर पर चौक-चौराहों पर जो तीसरी आंख लगी हुई है, वह तो लालफीताशाही का खामियाजा भुगत रही है. लेकिन जो लोग निजी खर्चे पर अपने प्रतिष्ठान के बाहर तीसरी आंख लगवा रखे हैं, उसे भी अपराधी सुरक्षित नहीं रहने दे रहे. किसी अपराध की घटना के बाद पुलिस भी सरकारी तीसरी आंख के बजाए निजी तीसरी आंख की ओर ही दौड़ती है. वहां से फुटेज निकालकर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश करती है.

    कई खुलासे में इन कैमरों की पुलिस ने ली है मदद

    हाल के दिनों में कई घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस को मदद भी मिली है. लेकिन झरिया में घटित घटना ने सबको चौका दिया है. झरिया बाटा मोड़ स्थित चौधरी ब्रदर्स के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को 30 जनवरी की आधी रात के बाद तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पत्थर मार-मार कर तोड़ दिया. कैमरे को तोड़ने वाले कौन थे, उनकी मंशा क्या थी, इसका तो अभी खुलासा नहीं हुआ है लेकिन प्रतिष्ठान के मालिक संजय कुमार चौधरी ने झरिया थाने में इसकी लिखित शिकायत की है. पुलिस को अपराधियों का वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराया है. झरिया पुलिस से शिकायत 2 दिन पहले ही की गई है, लेकिन अभी तक पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है. यह तो कोयलांचल में अपराध का नया ट्रेंड है, सवाल उठता है कि क्या कोयलांचल में अब वही होगा जो अपराधी चाहेंगे. कैमरा तोड़ने वालो को न तो जमीन निगली होगी और न ही आसमान खा गया होगा. पुलिस अगर तत्काल उन अपराधियों तक नहीं पहुंचती है तो यह गैंग सड़क पर एक भी कैमरा नहीं रहने दे सकते हैं.

    रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news