धनबाद: निरसा में जानिए वायरल वीडियो ने कैसे सोई पुलिस को जगा कर जंगल भ्रमण करा दिया


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के निरसा में गुरुवार की रात एक वीडियो वायरल हुआ. वायरल वीडियो ने पुलिस की नींद चैन छीन ली. नहीं चाहते हुए भी पुलिस को केस करना पड़ा. यह वीडियो रात के अंधेरे में कोयला चोरी से जुड़ा हुआ है. रात के अंधेरे में अवैध कोयला लोड किए जाने का बैजना, टोपाटांड एवं आसपास के ग्रामीणों ने विरोध किया. सूचना निरसा पुलिस को दी गई. साथ ही ग्रामीणों ने कोयला चोरों के एक ट्रक में लोड किए जा रहे कोयले का वीडियो बना कर वायरल कर दिया. सूचना पाकर निरसा पुलिस पहुंची तथा ट्रक संख्या जेएच 10 सीडी 6525 को जब्त कर लिया. जब्त ट्रक में लगभग 20 टन कोयला लोड था. पुलिस ट्रक को जब्त कर निरसा थाना ले आई है.
निरसा पुलिस ने दर्ज कर लिया है मामला
इस संबंध में निरसा थाना में मनोज सिंह, ट्रक मालिक, चालक एवं अन्य पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि खुशरी ओसीपी पैच से भारी मात्रा में चोरी का कोयला लाकर बैजना के जंगलों में इकट्ठा किया गया है. गुरुवार की रात अचानक कोयला चोरों एवं उनके गिरोह के लोग जंगल में ट्रक लगाकर कोयला किया जाने लगा. इसका ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया तथा ट्रक में लोड किए जा रहे चोरी के कोयले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. साथ ही मामले की जानकारी निरसा पुलिस को दी.
पुलिस पहुंची तो भाग गए कोयला चोर
पुलिस पहुंची तो कोयला तस्कर एवं उसके गुर्गे वहां से भाग खड़े हुए. ग्रामीण जब कोयला तस्करी का विरोध करना शुरू किया तो कोयला तस्करों ने ग्रामीणों को पैसे का प्रलोभन दिया. ग्रामीणों को कोयला तस्करों ने कहा कि आपस में क्यों लड़ना है, सभी लोग मिल बैठकर पैसे का बंटवारा कर लेंगे. वहीं ,वायरल वीडियो में एक शख्स कह रहा है कि अकेले अकेले कोयला के पैसे को हड़पने में लगे हुए हो. कोयला तस्करों के लाख समझाने के बावजूद ग्रामीण नहीं माने तथा ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया. निरसा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस ने मनोज सिंह, ट्रक मालिक, चालक एवं अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.
रिपोर्ट -विनोद सिंह, निरसा
4+