धनबाद के महुदा में गांव वालो ने अधिकारियों को ही बना लिया बंधक ,जानिए फिर क्या हुआ 

    धनबाद के महुदा में गांव वालो ने अधिकारियों को ही बना लिया बंधक ,जानिए फिर क्या हुआ

    धनबाद(DHANBAD) | धनबाद के महुदा  में  बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और पंचायत सचिवालय में पेयजल विभाग के एसडीओ ,जेई को बंधक बना लिया. अधिकारियों को गांव वालो ने खूब खरी खोटी सुनाई.  अधिकारियों को ग्रामीणों ने तब तक बंधक बनाए रखा, जब तक पुलिस नहीं पहुंची.  दोपहर 3 बजे के बाद महुदा  पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर अधिकारियों को मुक्त कराया.  जानकारी के अनुसार महुदा ग्रामीण जलापूर्ति योजना से रेगुलर पानी नहीं मिलने से नाराज सिंगड़ा  पंचायत के ग्रामीण बुधवार को  को पंचायत सचिवालय पहुंचे और  अधिकारियों को बंधक बना लिया.  मुखिया सूर्यकांत महतो  एवं उप मुखिया कृष्णा रजक  ग्रामीणों को समझाने पहुंचे तो आक्रोशित लोगों ने उन्हें भी बंधक बना लिया.  ग्रामीणों का कहना था कि जब से सिंगड़ा   में पानी टंकी बनी है, तब से सही ढंग से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है.  

    दूसरे गांव से पानी लाकर करते है काम 

    दूसरे गांव से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है.  मुखिया सूर्यकांत महतो ने कहा कि पेयजल विभाग को कई बार पत्र लिखकर समस्याएं बताई गई, लेकिन विभाग ध्यान नहीं देता.  आरोप लगाया गया कि ठेकेदार ने घटिया सामग्री लगाकर पानी टंकी का निर्माण कराया है.  जिससे हमेशा पानी टपकता रहता है.   पानी टंकी के निर्माण हुए अभी 2 साल ही हुए हैं लेकिन पानी टपकना शुरू हो गया है.  यहां तक कि निर्माण का कार्य पूरा नहीं किया गया है.  पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को अधिकारियों के पास पहुंचाया जाएगा और समाधान का रास्ता जल्द निकाल दिया जाएगा.  उसके बाद ग्रामीण नरम पड़े और अधिकारियों को मुक्त किया.  धनबाद कोयलांचल में पेयजल की समस्या विकराल लेती रही है.  कहीं  पाइप नहीं बिछी  हैं ,जहां बिछी  हैं ,वहां पानी की सप्लाई नहीं है.  ऐसे में ग्रामीण आक्रोशित हो जाते है.  वह कहते हैं कि जब सरकार ने राशि आवंटित की है, योजना बनाई है तो लोकल अधिकारी काम पर ध्यान क्यों नहीं देते. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News