धनबाद(DHANBAD):धनबाद के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खरिकाबाद में सड़क हादसे के बाद मंगलवार की रात तनाव की स्थिति बन गयी. दरअसल, सुबह एक साइकिल सवार हाइवा की चपेट में आकर घायल हो गया.जिससे नाराज स्थानीय लोगों ने नीमधौड़ा के पास कोयला परिवहन में लगी गाड़ियों का आवागमन रोक दिया. इसके बाद रात नौ बजे ट्रांसपोर्टिंग दोबारा शुरू कराने पहुंचे कुछ असामाजिक तत्वों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया.देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गयी और पत्थरबाजी के साथ हवाई फायरिंग भी हुई.घटना की सूचना मिलते ही कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी.हालांकि तब तक फायरिंग करनेवाले मौके से फरार हो चुके थे.
पढ़े पूरा मामला क्या है
जानकारी के अनुसार, मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे गोंदूडीह कोलियरी से कोयला लेने जा रहे एक हाइवा से खरिकाबाद में साइकिल सवार टकरा गया। हादसे में भूली ओपी क्षेत्र निवासी विजय वर्णवाल (58) घायल हो गये. जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गोंदूडीह ओपी पुलिस ने उसे धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घायल विजय सब्जी विक्रेता बताये जाते है.आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि इस रास्ते से भारी वाहनों का आवागमन बंद किया जाये, क्योंकि इससे अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है. मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दो स्कॉर्पियो से कुछ लोग ट्रांसपोर्टिंग चालू कराने पहुंचे थे.
दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग
इस दौरान स्थानीय लोगों और बाहर से आये लोगों के बीच कहासुनी हो गयी, जो जल्द ही विवाद में बदल गया.विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गयी. इसी दौरान दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गयी. घटना की सूचना मिलते ही गोंदडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज, जोगता, भूली ओपी प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद किया गया है.
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है
गोंदडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी ने बताया कि एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग स्थानीय लोगों द्वारा रोकी गयी थी.उसे जबरन चालू कराने के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। पलिस ने मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


