दीपावली में कोयलांचल में बढ़ता है आग से खतरा,सिंदरी में जानिए कैसे टला हादसा


धनबाद(DHANBAD): सिंदरी में रविवार की रात अगर हर्ल कंपनी का दमकल तुरंत हरकत में नहीं आता तो बड़ा हादसा हो सकता था. हुआ यह कि स्कॉर्पियो गाड़ी में चलते चलते आग लग गई. आग की लपटें तेज उठने लगी. अगल-बगल के लोग दहशत में पड़ गए. आग बुझाने की कोशिश शुरू हुई लेकिन आग बुझ नहीं रही थी. आग बुझाने के जितने भी प्रयास किए जा रहे थे, आग बढ़ती जा रही थी. इसी बीच किसी ने hurl कंपनी को इसकी सूचना दी. कंपनी का दमकल तत्काल पहुंचा और आग पर काबू पाया. यह स्कॉर्पियो जय माता दी टूर एंड ट्रेवल्स के अंतर्गत काम करती थी. स्कार्पियो चालक के अनुसार डोम गढ़ स्थित ट्रेवल्स कंपनी के कार्यालय से शहरपुरा बाजार जा रहा था तभी चलते चलते वाहन में अचानक ब्लास्ट हो गया, और ब्लास्ट इतना तेज था कि आग की लपटें उठने लगी. आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग नियंत्रित नहीं हो पा रही थी. आपको बता दें कि दिवाली के पहले कोयलांचल में आग का खतरा बढ़ता रहता है. 30 वर्ष पूर्व दिवाली के दिन ही झरिया में पटाखा कांड हुआ था. इस पटाखा कांड ने 29 लोगों की जिंदगी ले ली थी. झरिया के सिंदुरिया पट्टी में आग भड़की तो नियंत्रित ही नहीं हो पा रही थी. उस समय धनबाद के उपायुक्त व्यास जी थे तथा एसपी अनिल सिन्हा हुआ करते थे. घटना की सूचना के बाद पूरा प्रशासन हाफने लगा था. बिहार के तबके मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव धनबाद पहुंचे थे और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया था. सरकार ने उस समय पीड़ित परिवारों को नौकरी और मुआवजा देने की घोषणा की थी लेकिन वह आज तक नहीं मिली.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह,धनबाद
4+