अवैध कोयल खनन और धसान बन गई है लाइलाज बीमारी, निरसा में तीन की गई जान तो घनुड़ीह में गोफ में समा गया परमेश्वर


धनबाद(DHANBAD): शुक्रवार का दिन धनबाद कोयलांचल में कोयला के अवैध खनन और भू धसान के नाम रहा. निरसा के चांपा पुर और बैजना कोलियरी के बीच जमीन धंसने के बाद 3 लोगों की मौत हो गई. जबकि 4 लोग घायल हो गए. वही झरिया के घनुडीह में अचानक बने गोफ में परमेश्वर चौहान नामक व्यक्ति समा गया. इन दो घटनाओं की शुक्रवार को खूब चर्चा रही. गोफ में समाने की घटना की भी प्रबंधन पुष्टि नहीं कर रहा है. निरसा के चांपापुर में अवैध खनन के दौरान घटना की भी पुष्टि ईसीएल प्रबंधन और न ही पुलिस कर रहे हैं. लेकिन प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि घटना हुई है और लोग मरे हैं. मरने वाले मजदूर और घायल लोकल नहीं थे, इसलिए भी हल्ला हंगामा नहीं हुआ.
शुक्रवार की सुबह दूसरी बार 100 मीटर के दायरे में भू धसान
चांपा पुर और बैजना कोलियरी के बीच शुक्रवार की सुबह दूसरी बार 100 मीटर के दायरे में भू धसान हुआ. वहां से लगभग 20 फीट दूरी पर अवैध खदान चल रही थी. धसान के कारण ऊपर से चट्टान गिर गया और 3 लोग काल के गाल में समा गए. 4 लोग घायल हो गए .उसके बाद कोयला तस्करों का गैंग सक्रिय हुआ. लाशे निकाली गई. उसके बाद उन्हें कहां पहुंचाया गया, इसका पता नहीं चल रहा है. जबकि घायलों का इलाज चोरी छुपे कराया जा रहा है. अभी एक सप्ताह पहले ही एनजीटी की टीम धनबाद आई थी और झरिया के इलाके में अवैध खदानों के मुहाने को देखकर माथा पीट लिया था. कुआं खोदकर रस्सी के सहारे कोयला बाहर निकाले जाने का दृश्य देख सभी अचंभित हुए थे. कुछ मुहाने बीसीसीएल के जमीन पर खुले हुए थे तो कुछ निजी जमीन पर भी थे. एनजीटी की टीम ने f.i.r. करने का निर्देश दिया था. निर्देश तो तुरंत f.i.r. करने का था लेकिन पता चला है कि शुक्रवार को बीसीसीएल मैनेजमेंट ने कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है.
धनबाद कोयलांचल का कोई भी ऐसा इलाका नहीं है, जहां अवैध उत्खनन कर कोयला नहीं निकाला जाता है. इस काम में लगे लोगों का एक मजबूत और ताकतवर नेटवर्क है. बाहर से मजदूरों को लाकर कोयला कटवाया जाता है और फिर उसे बाहर भेज दिया जाता है. निरसा में शुक्रवार को हुई घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कोयले का अवैध उत्खनन लोगों की जान लेता रहेगा और इसी तरह कोलियरी प्रबंधन और पुलिस घटनाओं से इनकार करते रहेंगे.
रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो
4+