TNP DESK- बंगाल चुनाव में मिली जीत के बाद झारखंड में भी भाजपा अब हाथ पांव सीधा करने लगी है. मिली जानकारी के अनुसार भाजपा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जिलों में वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यक्रम करेगी। बताया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम अलग-अलग जिलों में जाकर कथित भ्रष्टाचार और कानून -व्यवस्था के मुद्दों को जनता के सामने रखेगी। इसके अलावा कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली जाएगी।
जून महीने से कार्यक्रम की होगी शुरुआत
मई महीने में ही भाजपा का प्रशिक्षण अभियान खत्म हो जाएगा। जून में नेताओं का प्रवास कार्यक्रम शुरू होगा। सूचना के मुताबिक संथाल परगना से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। प्रदेश भाजपा इस योजना पर काम कर रही है कि मानसून के पहले संथाल और उत्तरी छोटा नागपुर के जिलों में प्रवास का कार्यक्रम पूरा कर लिया जाए. केंद्रीय नेतृत्व ने भी प्रदेश समिति को ऐसा करने का सुझाव दिया है. बता दें कि बिजली -पानी के मुद्दे पर जिला स्तर पर भाजपा के कार्यक्रम हो चुके है.
बिना किसी तामझाम के कार्यक्रम करने का निर्णय
यह सारे कार्यक्रम बिना किसी तामझाम के होंगे। उल्लेखनीय है कि कोयलांचल में तो भाजपा के नेता अपने में ही उलझे हुए है. बिजली -पानी मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में जब भाजपा के सभी नेता एक मंच पर दिखे, तो लगा कि सब कुछ सामान्य होने की ओर बढ़ रहा है. लेकिन ऐसा हुआ नहीं। धनबाद भाजपा महानगर अध्यक्ष की टिप्पणी के खिलाफ विधायक रागिनी सिंह के समर्थक आग बबूला है. वह लगातार भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष का पुतला दहन कर रहे है. ऐसे में जिला स्तर पर नेताओं को एकजुट किए बिना भाजपा के इस अभियान को कितनी सफलता मिलेगी, यह सवालों के घेरे में है.

