रांची (RANCHI): जिले के सदर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पीड़िता, जो खूंटी जिला की रहने वाली है और फिलहाल रांची में किराए के मकान में रह रही है, ने 29 मार्च को सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि उसी दिन पंकज कुमार नाम का व्यक्ति उसके घर पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसने जबरन महिला को घर से बाहर खींच लिया.
महिला के अनुसार, आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. इतना ही नहीं, उसे और एक अन्य महिला को चप्पलों की माला पहनाकर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई और पूरे मोहल्ले में घुमाया गया. इस अमानवीय कृत्य से दोनों महिलाओं को गहरी सामाजिक और मानसिक चोट पहुंची.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके बेटे और कुछ परिचितों पर वाहन चोरी का आरोप लगाते हुए आक्रामक व्यवहार किया. इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और गलत इरादे से छेड़छाड़ की कोशिश भी की गई.
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. जांच के बाद मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.
Thenewspost - Jharkhand
4+


