गढ़वा(GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां चार लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. बताया जा रहा है इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी है. वही सड़क हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.पूरा मामला नगर उंटारी फोरलेन सड़क की है.जहां दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना थाना क्षेत्र के जतपुरा गांव के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी गांव स्थित धर्मकांटा के पास हुई.
घायलों का अस्पताल में चल रहा है इलाज
बताया जा रहा है कि बभनी गांव के समीप एक बाइक पर पांच युवक सवार थे.सभी अपने दोस्त किशुन उरांव को उड़ीसा जाने के लिए ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे.इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना की सूचना स्थानीय निवासी ने पुलिस को दी.सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक इलाज के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी रघुनाथ उरांव के 16 वर्षीय पुत्र चंदन उरांव, पारस उरांव के 17 वर्षीय पुत्र मंतोष उरांव तथा धनेश्वर उरांव के 22 वर्षीय पुत्र सोनू उरांव की मौत हो गई. वहीं मंगल उरांव के 20 वर्षीय पुत्र अखलेश उरांव की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
नींद आने से बाइक हो गई थी अनियंत्रित
उधर दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई, जहां ठरकीया गांव निवासी कामेश्वर विश्वकर्मा के 36 वर्षीय पुत्र राजू विश्वकर्मा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. बताया जा रहा है कि राजू गढ़वा से काम कर लौट रहा था. इसी दौरान नींद आने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इस हादसे में सोनबरसा गांव निवासी उमा चंद्रवंशी का 18 वर्षीय पुत्र अतेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है.घटना के बाद दोनों मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है तथा मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार

