पलामू में ज़मीन कब्जा करने को लेकर खौफनाक साजिश, दोस्त को बुलाकर गांजा पिलाया और टांगी से कर दिया काम तमाम

    पलामू में ज़मीन कब्जा करने को लेकर खौफनाक साजिश, दोस्त को बुलाकर गांजा पिलाया और टांगी से कर दिया काम तमाम

    पलामू (PALAMU): जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जमीन विवाद और जमीन खोने के डर में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले अपने मित्र को गांजा पिलाया और फिर टांगी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

    यह पूरा मामला पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के करमा गांव का है, जहां 29 अप्रैल को राजमनी पाठक की हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में मामला गोली मारकर हत्या का बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि राजमनी पाठक की हत्या गोली से नहीं, बल्कि धारदार टांगी से काटकर की गई थी.

    मृतक की पत्नी ने मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए राजमनी पाठक के करीबी मित्र बीरेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई. आखिरकार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

    पुलिस के अनुसार, राजमनी पाठक गांव में एक जमीन की मापी करवाना चाहते थे. घटना से एक दिन पहले जमीन की मापी की कोशिश भी हुई थी, लेकिन किसी कारणवश मापी नहीं हो सकी. आरोपी बीरेंद्र कुमार सिंह को डर था कि अगर जमीन की मापी हो गई तो उसकी जमीन कम हो सकती है और राजमनी पाठक का दावा मजबूत हो जाएगा.

    इसी आशंका में आरोपी ने हत्या की साजिश रची. घटना वाले दिन उसने राजमनी पाठक को घर से बाहर बुलाया, दोनों ने साथ बैठकर गांजा पिया और मौका मिलते ही आरोपी ने टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली गई है. पुलिस ने मामले के सफल खुलासे पर एसडीपीओ मनोज कुमार झा और थाना प्रभारी नितेश कुमार को पुरस्कृत करने की घोषणा की है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.



    Related News