होली की खुशियां मातम में हुई तब्दील, पलामू में टांगी से की बुजुर्ग की हत्या

    होली की खुशियां मातम में हुई तब्दील, पलामू में टांगी से की बुजुर्ग की हत्या
    रंगों और खुशियों का पर्व होली उस वक्त मातम में बदल गया जब हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बुधवार शाम करीब 6 बजे 70 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार की टांगी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई.

    पलामू(PALAMU): रंगों और खुशियों का पर्व होली उस वक्त मातम में बदल गया जब हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बुधवार शाम करीब 6 बजे 70 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार की टांगी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई.

    मृतक की पहचान हीरा सिकनी निवासी विश्वनाथ रजवार (70 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

    तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला
    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होली के दिन गांव में लोग रंग और अबीर-गुलाल के साथ जश्न मना रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर मृतक और गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25 वर्ष) के बीच कहासुनी शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था.

    देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कपिल रजवार ने गुस्से में टांगी उठा ली और विश्वनाथ रजवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

    गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
    घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और शराब के नशे में यह वारदात हुई. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है.

    होली के दिन पसरा मातम
    होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. जहां एक ओर लोग रंगों में सराबोर थे, वहीं दूसरी ओर गांव में मातम पसर गया. घटना के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news