टीएनपी डेस्क (TNP DESK): शादी के बाद की पहली यात्रा हर दंपति के लिए खास होती है, लेकिन रांची के रहने वाले स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा के लिए हनीमून ट्रिप चिंता का कारण बन गई है. खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के चलते दोनों फिलहाल दुबई में फंसे हुए हैं.
दरअसल, 22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों का विवाह हुआ था. शादी के बाद परिवार और रिश्तेदारों के बीच खुशियों का माहौल था और नवदंपति ने अपने नए जीवन की शुरुआत की.
हनीमून के लिए दुबई गए, लेकिन लौटना हुआ मुश्किल
शादी के बाद इस खास पल को यादगार बनाने के लिए अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा 27 फरवरी को दुबई हनीमून मनाने पहुंचे थे. उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी. लेकिन इसी बीच खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव ने हालात बदल दिए और उनकी वापसी की योजना अधर में लटक गई.
क्षेत्रीय तनाव का असर, कई उड़ानें रद्द
अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर खाड़ी देशों में भी दिखने लगा है. सुरक्षा कारणों से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया. इसके कारण बड़ी संख्या में पर्यटक और यात्री वहां फंस गए हैं.
इसी स्थिति में रांची का यह नवविवाहित जोड़ा भी दुबई में रुकने को मजबूर है. जिस यात्रा को वे अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत याद बनाना चाहते थे, वही अब चिंता और अनिश्चितता में बदल गई है.
रांची में परिवार परेशान, सरकार से मदद की मांग
इधर रांची में दोनों परिवारों की चिंता बढ़ गई है. शादी की खुशियों से भरा घर अब इंतजार और दुआओं में बदल गया है. परिजन लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर रख रहे हैं.
परिवार के लोगों ने झारखंड सरकार से मानवीय आधार पर मदद की अपील की है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अनुरोध किया है कि केंद्र सरकार और यूएई स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय कर नवदंपति सहित खाड़ी देशों में फंसे झारखंड के लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराई जाए. उनका कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की चिंता है जो मौजूदा तनाव के कारण वहां फंसे हुए हैं.
Thenewspost - Jharkhand
4+


