पुलिस मुख्यालय में हाई लेवल मीटिंग,महिला सुरक्षा पर दिया गया जोर


रांची (RANCHI):झारखंड पुलिस मुख्यालय में हाई लेबल मीटिंग हुई. इस बैठक में झारखंड में स्मार्ट पुलिसींग के साथ महिला सुरक्षा और कई बिंदुओं पर जोर दिया गया. बैठक में गृह सचिव वंदना दाडेल, पुलिस महानिदेशक तदशा मिश्रा मिश्रा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के पुलिस अधिकारी शामिल हुए. DGsP/IGsP Conference 2025 के मद्देनजर यह बैठक बेहद खास है. राज्यस्तरीय डिब्रीफिंग सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में सम्मेलन के दौरान तय बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई और सभी जिलों में प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. स्पष्ट किया गया कि सभी पुलिस अधीक्षक थाना स्तर तक सम्मेलन के निर्णयों को लागू कराएं और नए आपराधिक कानून (न्याय संहिता) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें.
अधिकारियों को गिरफ्तारी आधारित पुलिसिंग के बजाय दोषसिद्धि-उन्मुख अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया. बीट पुलिसिंग और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने, नक्सल प्रभावित जिलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया. तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया. खुफिया संकलन और अनुसंधान के लिए NATGRID, NAFIS, CCTNS, ई-कोर्ट और AI आधारित एनालिटिक्स के उपयोग को अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया. सभी अनुसंधानकर्ताओं को I-GOT पोर्टल पर प्रशिक्षण की प्रगति सुनिश्चित करने और ई-साक्ष्य ऐप का पूर्ण अनुपालन करने को कहा गया.
बैठक में मादक पदार्थों के खिलाफ ठोस एंटी-ड्रग रणनीति तैयार करने, अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध अभियान चलाने, साइबर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया दुरुपयोग पर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए. साथ ही POCSO एक्ट, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और उग्रवादियों की आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. महिला सुरक्षा और पर्यटक सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया. बैठक में पुलिस मुख्यालय और विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे.
4+