धनबाद (DHANBAD): धनबाद में रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. यह मार्च पुलिस कंट्रोल रूम के पास, एसडीएम कार्यालय के सामने से शुरू हुआ, जिसकी अगुवाई सिटी एसपी ने की.
फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए. पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. खासकर संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी अधिक रही. इस दौरान पुलिस वाहन और बाइक सवार जवानों ने लगातार निगरानी करते हुए लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
सिटी एसपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि रामनवमी तक जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार फ्लैग मार्च जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को सख्ती से रोका जाएगा.
पुलिस ने पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती है. खासकर वर्ष 2024 में भारत माता चौक पर हुई अशांति की कोशिश के बाद इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. धनबाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शांति बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
रिपोर्ट : नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


