हेमंत सोरेन ने दिया खिलाड़ी बेटियों को जमीन के साथ 35 लाख रुपए, अब बनेगा उनके सपनों का घर

    हेमंत सोरेन ने दिया खिलाड़ी बेटियों को जमीन के साथ 35 लाख रुपए, अब बनेगा उनके सपनों का घर

    रांची(RANCHI): झारखंड सरकार राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने व उनके भविष्य को उज्ज्वल करने में जुट गई है. ऐसे में झारखंड की दो बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान का अपना घर होने के सपना राज्य सरकार ने आखिरकार पूरा कर दिया है. हेमंत सरकार ने हॉकी में झारखंड का नाम पूरे देश-दुनिया में रोशन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को मुफ्त जमीन का सौगात दिया है. सीएम हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू आवासीय कॉलोनी में 3,750 वर्ग फीट जमीन आवंटन के कागजात भी सौंप दिए हैं.

    देश और दुनिया में हमारी बेटियों ने अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाया

    इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की दो होनहार हॉकी खिलाड़ी बेटियों को सम्मानित किया जा रहा है. हमारी बेटियों ने अपने हुनर और काबिलियत से सिर्फ राज्य का ही नहीं बल्कि पूरे देश का भी नाम रोशन किया है. पिछले कई दशकों से झारखंड की बेटियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अलग पहचान बनाई है. अपने प्रदर्शन के बदौलत कई बार हमारी बेटियों ने लोगों को आश्चर्यचकित किया है कि झारखंड जैसे पिछड़े और आदिवासी बहुल क्षेत्र में भी सीमित संसाधनों में तैयारी कर इतनी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी प्रतिभाओं का लोहा मनवाया है. हमारी सरकार ने खेल पर फोकस करते हुए नई रास्ता तलाशने का काम किया है. जिससे यहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिल रहा है. हमारी सरकार ने रांची में हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ-साथ कई बड़ी-बड़ी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सफलतापूर्वक कर दिखाया है. ऐसे खेल आयोजनों से यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिल रहा है. खेल स्वस्थ मानसिकता को विकसित करने का एक बेहतर माध्यम है.

    राज्य सरकार ने वादा पूरा किया

    सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों से किया वादा आज पूरा किया जा रहा है. सलीमा टेटे व निक्की प्रधान को रांची में भूखंड देने का निर्णय हमारी सरकार का ही था. आज ये वादा हम पूरा कर रहे हैं. वहीं, इस दौरान मुख्यमंत्री ने भूखंड देने के साथ-साथ यह भी घोषणा किया कि इन दोनों खिलाड़ियों को अपना आशियाना बनाने के लिए राज्य सरकार खेल नीति के तहत 35-35 लाख रुपए उपलब्ध कराएगी.

    राज्य की पहचान सिर्फ खनिज संपदा से नहीं बल्कि बेहतरीन खिलाड़ियों से भी है

    सीएम ने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में राज्य विभिन्न चुनौतियों से गुजरा, लेकिन अब इस राज्य को हमारी सरकार एक बेहतर दिशा की ओर आगे बढ़ा रही है. पहले झारखंड सिर्फ खनिज संपदाओं के लिए ही पहचाना जाता था. लेकिन अब राज्य की पहचान सिर्फ खनिज संपदाएं ही नहीं बल्कि एक बेहतर मानव संसाधन और स्टार खिलाड़ियों के रूप में भी हो गई है. इसलिए हमारी सरकार ने यहां के युवाओं और खिलाड़ियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतियों का निर्धारण किया है.

    मेहनत हमेशा रंग लाती है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े -बुजुर्गों ने हमें यही सिखाया है कि मेहनत हमेशा रंग लाती है. किसी भी लक्ष्य को हासिल करने का कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता है. ऐसे में सीएम ने राज्य के युवाओं से अपील की, कि उन्हें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम, त्याग और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है. तभी सर्वोच्च स्थान पर पहुंचा जा सकता है.

    हमारी सरकार ने बेहतर खेल पॉलिसी बनाया

    साथ ही सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने कई वर्षों से अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन किया है. हमारी सरकार ने राज्य में एक बेहतर खेल पॉलिसी बनाकर खिलाड़ियों को हर संभव मदद और प्रोत्साहित कर रही है. कई राज्य अपने सीमित संसाधनों की वजह से जाना जाता है. इन्हीं सीमित संसाधनों से संघर्ष के रास्ते इन राज्यों ने अपनी अलग पहचान भी बनाई है. ईश्वर ने झारखंड की भूमि को खनिज संपदाओं से नवाजा है. पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से यहां खनिज संपदाओं पर काम किया जा रहा है. लेकिन विडंबना यह है कि इन खनिज संपदाओं का विशेष लाभ राज्यवासियों को नहीं मिल पाया है.  

    सलीमा टेटे व निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

    वहीं, सलीमा टेटे और निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया. सलीमा टेटे ने कहा कि आज बहुत अच्छा लग रहा है. ‘मुख्यमंत्री जी ने जो वादा किया था आज उन्होंने पूरा किया. कोई भी काम दिल से करने पर मंजिल एक दिन जरूर मिलती है.’  

    वहीं, निक्की प्रधान ने कहा कि, ‘वर्ष 2021 में पहले ओलंपिक पार्टिसिपेशन के बाद जब रांची पहुंची थी तब इसी सभागार में मुख्यमंत्री जी जमीन देने का वादा किया था. आज उन्होंने अपने वादे को पूरा किया. अब मेरा रांची में अपना घर होने का सपना पूरा हो रहा है. मुख्यमंत्री जी को तहे दिल से धन्यवाद!’


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news