लुटेरों की सरकार है हेमंत सरकार, हर मोर्चे पर रही विफल-बाबुलाल मरांडी

    लुटेरों की सरकार है हेमंत सरकार, हर मोर्चे पर रही विफल-बाबुलाल मरांडी

    साहिबगंज (SAHEBGANJ) : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी साहिबगंज के एक दिवसीय दौरे पर है. साहिबगंज पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का जोरदार स्वागत किया. इसके बाद साहिबगंज में सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है. सरकार यहां की खनिज संपदा कोयला, बालू पत्थर आदि को लूटने का काम करती रही है.

    युवाओं को झूठे वादों से ठगने का किया काम

    उन्होंने कहा कि सरकार ने झूठे वादों के सहारे यहां के युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं व जनता को ठगने का काम किया है. दरअसल आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 20 सितंबर को झारखंड में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा का शुभारंभ होना है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत आने वाले शहीद सिदो कान्हू की जयंती भोगनाडीह से इसका शुभारंभ करेंगे.

    इसके बाद 20 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह साहिबगंज के पुलिस लाइन स्थित मोदी मैदान में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. कार्यक्रम की तैयारी में जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक के भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं. इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश आज हेलीकॉप्टर से साहिबगंज पहुंचे. यहां उन्होंने जिला परिषद के बैंक्वेट हॉल स्थित सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा यहां से शुरू हो रही है. इसका शुभारंभ साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड स्थित भोगनाडीह से किया जाएगा.

    बूथ स्तर से करनी है तैयारी

    कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यक्रम की तैयारी बूथ स्तर से करनी है. सभी बूथों से कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हों यह सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को शामिल होना है, बाइक रैली में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को साथ चलना है. उन्होंने कहा कि राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं और कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ इसमें जुट जाएं. हालांकि काम के दबाव के कारण प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी बैठक में सीधे कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद हेलीकॉप्टर से रांची लौट गए.

    कार्यक्रम की सफलता को लेकर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कार्यकर्ताओं के साथ काफी देर तक मंथन किया.इस दौरान राजमहल विधायक अनंत ओझा, जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, बजरंगी प्रसाद यादव, गणेश प्रसाद तिवारी, राजेश मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

    रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news