हजारीबाग(HAZARIBAGH): विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 12 साल की मासूम के साथ हुई दरिंगी मामले को लेकर उबाल मचा है. इसी क्रम में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर न्याय की मांग उठाई. उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होना विफलता को दर्शाता है.
अंबा प्रसाद ने राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराने की मांग की. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिला आयोग को सक्रिय करना जरूरी है, ताकि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित हो सके.
इस घटना को लेकर उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक और अमानवीय है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है. उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने गंभीर मामले में भी तेजी नहीं दिख रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.
पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के कई दिन गुजर जाने के बावजूद अपराधियों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है. इससे यह संदेह पैदा होता है कि या तो जांच में गंभीरता की कमी है. उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति से जनता का भरोसा कानून-व्यवस्था पर कमजोर होता है.
अंबा प्रसाद ने राज्यपाल से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग करते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के तबादले, संबंधित डीएसपी और विष्णुगढ़ थाना प्रभारी के निलंबन तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की. इस पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने उनकी बातों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. फिलहाल इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है और लोगों की नजर आगे की कार्रवाई पर बनी हुई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


