बिजली संकट से उबल रहा हैदरनगर, 24 घंटे में सिर्फ 3-4 घंटे सप्लाई; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

    बिजली संकट से उबल रहा हैदरनगर, 24 घंटे में सिर्फ 3-4 घंटे सप्लाई; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

    पलामू(PALAMU):भीषण गर्मी के बीच हैदरनगर बाजार और चौकड़ी स्थित विद्युत सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट गंभीर रूप ले चुका है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को 24 घंटे में महज 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है. लगातार खराब हो रही बिजली व्यवस्था से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है. बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.बिजली संकट को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. प्रखंड उप प्रमुख, मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहायक विद्युत अभियंता, हुसैनाबाद को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.

    ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने से चौकड़ी सब स्टेशन क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. पिछले एक सप्ताह से हालात और भी बदतर हो गए हैं. भीषण गर्मी के कारण लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. रातों की नींद हराम हो चुकी है और दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं.ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में स्थाई विद्युत कनीय अभियंता की अनुपलब्धता के कारण समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है. इसके साथ ही बिजली जांच के नाम पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई है.

    हैदरनगर पूर्वी पंचायत के मुखिया संतोष सिंह, प्रखंड उप प्रमुख पप्पू कुमार पासवान, मुखिया जितेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि डॉ. अजय जायसवाल, अशरफ हसन,नवाजिश खान,सज्जू खान,जफर हवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी. 21 मई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्थाई विद्युत कनीय अभियंता की नियुक्ति, बिजली आपूर्ति में सुधार और चौकड़ी विद्युत सब स्टेशन के अधीन आने वाले बाजार व ग्रामीण क्षेत्रों को नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है.



    Related News