गुंजन ज्वेलर्स डाका कांड: हमें हमारा माल दिला दीजिये, जानिए किसने कही यह बात

    गुंजन ज्वेलर्स डाका कांड: हमें हमारा माल दिला दीजिये, जानिए किसने कही यह बात

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद के धनसार  स्थित गुंजन ज्वेल्स में शनिवार को सरेशाम डाका के बाद शुक्रवार को छठवें दिन दुकान खुली.  दुकान के काउंटर खाली- खाली पड़े हुए थे और यह खाली काउंटर डकैती कांड की घटना को बता रहे थे कि किस प्रकार डकैत सारे आभूषण को समेट कर ले गए.  दुकान के मालिक सुमित अग्रवाल आज दुकान में थे. उनसे बातचीत की गई तो उनका कहना था कि जिस हिम्मत और दिलेरी के साथ मुथूट फाइनेंस में डकैती की घटना को पुलिस ने विफल किया और एक को गोली मारा ,इससे अपराधियों में खौफ तो जरूर होगा और वह दूसरी घटना को करने के पहले एक सौ बार सोचेंगे. 

    पुलिस ने जो भी सुझाव दिए हैं,अमल की कोशिश करेंगे 
     
    सुमित अग्रवाल ने यह भी कहा कि वह लगातार पुलिस के संपर्क में हैं और सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने  जो भी सुझाव दिए हैं, उन्हें  पूरा करने की कोशिश करेंगे. हो सकता है इसमें थोड़ा समय लगे.  उनका कहना था कि दुकान में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, रोड फेसिंग कैमरे भी लगेंगे.  साथ ही आर्म्ड  सिक्योरिटी की  व्यवस्था करने की भी वह लोग सोच रहे हैं.  पुलिस ने भी ऐसा ही कुछ करने को कहा है.  धीरे-धीरे कोशिश करेंगे, बैठने से तो कुछ नहीं होगा फिर से हिम्मत करनी होगी और फिर से कारोबार शुरू करना होगा. 

    आश्वासन तो मिल रहा है कि माल मिल जाएगा 
     
    उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी उन्हें आश्वस्त कर रहे हैं कि जो अपराधी पकड़े गए हैं ,वही धनबाद के दोनों घटनाओं में शामिल हैं.  इसलिए सामान की बरामदगी हो सकती है, थोड़ा वक्त दीजिये.  सुमित अग्रवाल ने कहा कि हम लोग भी उसी उम्मीद पर हैं लेकिन पुलिस से मेरा अनुरोध होगा कि हमें हमारा माल दिला दीजिए और इसी उम्मीद और भरोसे पर आज दुकान खोली गई है.  देखते हैं आगे कैसे काम बढ़ता है.

    रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह 



    Related News