गुमला: विवाहित युवक ने नाबालिग के साथ बनाया संबंध, नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, पुलिस ने शुरू की छानबीन

    गुमला: विवाहित युवक ने नाबालिग के साथ बनाया संबंध, नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, पुलिस ने शुरू की छानबीन

    गुमला(GUMLA): गुमला सदर थाना क्षेत्र निवासी एक शादीशुदा युवक ने गांव के ही 15 वर्षीय किशोरी के साथ अनैतिक संबंध बनाया. जिसके बाद किशोरी गर्भवती हो गई और शुक्रवार की शाम सदर अस्पताल गुमला में उसने एक बच्चे को जन्म दिया. घटना की जानकारी देते हुए किशोरी के पिता ने बताया कि गांव के एक युवक से मेरी बेटी का प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवक शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है, जो रिश्ता में पीड़िता का चाचा लगता है. जिसके बाद गांव में मामले को लेकर पंचायत भी हुई.

    किशोरी का स्कूल में कराया गया नामांकन

    पंचायत में निर्णय लिया गया कि दोनों को अलग-अलग रखा जाए. जिसके बाद किशोरी को पढ़ने के लिए जिले के एक बालिका विद्यालय में भेज दिया गया. जहां वह आठवीं कक्षा की छात्रा है. इधर, शुक्रवार की शाम लगभग 7:00 बजे छात्रा ने पेट में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद छात्रा को सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया. जहां जांच में वह गर्भवती बताई गई. जिसके बाद उसने एक बच्चे को जन्म दिया. मामला प्रकाश में आने के बाद सीडब्ल्यूसी के सदस्य ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की तथा छात्रा का बयान दर्ज किया. वहीं घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद परिजन भी सदर अस्पताल आए.

    युवक के खिलाफ वार्डेन ने दर्ज कराया मामला

    घटना का खुलासा होने के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी अस्पताल आए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. वहीं उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विद्यालय की वार्डन ने देर रात गुमला थाना में आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. छात्रा के पिता और विद्यालय के वार्डेन ने बताया कि छात्रा को देखकर पता ही नहीं चल पा रहा था कि वह गर्भवती है. छात्रा ने इस बात का किसी के पास जिक्र भी नहीं किया. विद्यालय के वार्डेन ने बताया कि अगस्त 2022 में छात्रा का आठवीं क्लास में नामांकन कराया गया था और इससे पहले से ही वह गर्भवती हो गई थी.

    रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news