गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के चिताखारो गांव में अवैध गतिविधियों का बड़ा पर्दाफाश हुआ है. यहां एक साधारण दिखने वाले धान गोदाम को नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री में बदल दिया गया था. इस पूरे खेल का खुलासा उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी के बाद हुआ.
बताया जा रहा है कि शराब माफिया इस गोदाम को सुरक्षित ठिकाना बनाकर बड़े पैमाने पर नकली शराब का उत्पादन कर रहे थे. गुप्त सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने भरकट्टा ओपी पुलिस के साथ मौके पर दबिश दी. जैसे ही टीम गोदाम के अंदर पहुंची, वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए अंदर बाकायदा फैक्ट्री की तरह नकली शराब तैयार की जा रही थी.
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रचलित ब्रांड्स के नाम पर तैयार की गई कुल 34 पेटी नकली विदेशी शराब जब्त की. इसके साथ ही एक ट्रैक्टर में लदी खाली बोतलें और छह गैलन तैयार नकली शराब भी बरामद हुई. जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।.
हालांकि, छापेमारी के दौरान किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, क्योंकि मौके पर मौजूद लोग पहले ही फरार हो चुके थे. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है. फिलहाल उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम शराब माफियाओं की पहचान में जुटी है. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


