गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुरा गांव में हुए हादसे से इलाके में सनसनी फ़ाइल गई है. दरअसल कुएं से पानी भरने के दौरान पति-पत्नी दोनों की जान चली गई. मृतकों की पहचान राजेंद्र मुर्मू और उनकी पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, पार्वती देवी रोज की तरह घर के कामकाज में व्यस्त थीं और इसी क्रम में वह कुएं से पानी निकालने पहुंचीं. पानी खींचते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में गिर गईं. पत्नी को गिरते देख राजेंद्र मुर्मू ने बिना एक पल गंवाए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी. हालांकि कुएं की गहराई अधिक होने और उसमें ज्यादा पानी होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए.
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, लेकिन जब तक राहत का कोई ठोस प्रयास किया जाता, तब तक काफी देर हो चुकी थी. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस घटना में दंपति के दो छोटे बच्चों, रसीका मुर्मू और अंशु मुर्मू के सिर से मां-बाप का साया उठ गया. अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उनके दादा मखन लाल मुर्मू और दादी पर आ गई है. फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


