गढ़वा (GARHWA): जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ससुराल गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या करने और बाद में उसे पुल के नीचे फेंक देने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है. मृतक की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के खरसोता गांव निवासी 34 वर्षीय सुनील चौधरी के रूप में हुई है.
घटना को लेकर मृतक के बड़े भाई अनिल चौधरी ने बताया कि सुनील हाल ही में दिल्ली से अपने गांव लौटा था. वह अपनी पत्नी और बच्चों को वापस लाने के लिए मेराल थाना क्षेत्र के गेरुआ गांव स्थित ससुराल गया था. इसी दौरान उसके साथ मारपीट की घटना हुई. परिजनों के अनुसार उन्हें रिश्तेदार राजेंद्र चौधरी के जरिए सूचना मिली कि सुनील घायल अवस्था में पुल के नीचे पड़ा हुआ है. बताया गया कि सुनील के साले प्रदीप चौधरी ने फोन कर कहा था कि उसके बहनोई पुल से गिरकर घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और सुनील को गंभीर हालत में घर लाया गया. बाद में स्थानीय डॉक्टर को दिखाने के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मझिआंव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के भाई अनिल चौधरी ने आरोप लगाया कि सुनील के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी. उनका कहना है कि अगर समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी. अनिल ने दावा किया कि मरने से पहले जब सुनील को थोड़ी देर के लिए होश आया था, तब उसने बताया था कि उसके साले और कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की है.
वहीं मृतक की पत्नी बबीता ने बताया कि वह अपने दोनों बच्चों और मां के साथ छत्तीसगढ़ में पत्ता तोड़ने गई हुई थी. घटना की जानकारी उसे बाद में मिली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. एसडीपीओ नीरज कुमार ने कहा है कि हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

