रांची(RANCHI): कोयलांचल में एक बार फिर अपराध और गैंगवार की आशंका गहराने लगी है. वासेपुर के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने पुलिस महकमे से लेकर कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है. यह वीडियो “कोयलांचल शांति सेना” नामक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया है, जिसमें प्रिंस खान ने न सिर्फ धनबाद के कारोबारियों को धमकी दी है, बल्कि पुलिस प्रशासन और एसएसपी को भी खुली चुनौती दी है.
वीडियो में प्रिंस खान ने दावा किया है कि उसके गैंग में सबकुछ सामान्य है और जो लोग उसके संगठन से अलग होने की बात कर रहे हैं, वे झूठ फैला रहे हैं. उसने साफ तौर पर कहा कि सैफी को उसने खुद गैंग से बाहर किया था. साथ ही वीडियो में उसने धनबाद पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि “अगर रोक सकते हो तो रोक लो, झारखंड में तीन AK-47 पहुंच चुकी हैं और अब सीधे कारोबारियों को निशाना बनाया जाएगा.”
वीडियो के आखिरी हिस्से में खुलेआम AK-47 जैसे आधुनिक हथियार का प्रदर्शन भी किया गया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही धनबाद पुलिस हरकत में आ गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा इसमें दिख रहे हथियार असली हैं या नहीं.
दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम प्रिंस खान के करीबी माने जाने वाले “मेजर” की गिरफ्तारी के बाद सामने आया है. हाल ही में धनबाद पुलिस ने प्रेस वार्ता कर प्रिंस खान गैंग के नेटवर्क और उसके संचालन को लेकर कई अहम खुलासे किए थे. पुलिस ने दावा किया था कि गैंग कमजोर पड़ चुका है और उसके कई सदस्य अलग हो चुके हैं. यहां तक कि पुलिस ने यह भी कहा था कि गैंग के भीतर मतभेद बढ़ गए हैं और कई पुराने सहयोगी किनारा कर चुके हैं.
लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के महज 24 घंटे के भीतर वायरल हुए इस वीडियो ने पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में प्रिंस खान का अंदाज बेहद आक्रामक दिख रहा है और उसने साफ तौर पर कहा है कि उसका नेटवर्क अभी भी सक्रिय है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को पहले से इनपुट मिले थे कि गैंग अब नए नामों और दूसरे अपराधियों के जरिए शूटर हायर करने की कोशिश कर रहा है.
इस बीच “कोयलांचल शांति सेना” नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है. पुलिस पहले भी दावा कर चुकी है कि इस संगठन का संचालन जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के नेटवर्क द्वारा किया जाता है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है.
वायरल वीडियो के बाद धनबाद के कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है. पुलिस लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या धनबाद में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देगी, या यह पूरा मामला केवल सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश है. फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है.

