हजारीबाग(HAZARIBAGH): आज कल कई युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई है और यह लत इतना खतरनाक होता है कि उनको ठगी करने पर मजबूर कर देते है. एक ऐसा ही मामला केरेडारी प्रखंड के ओमे गांव से सामने आया है जहां एक युवक को ऑनलाइन गेमिंग ने ठगी बना दिया.. जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपने पिता की करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति गेम में गंवा दी, जिसके बाद उसने अलग-अलग लोगों से पैसे ठगने का सिलसिला शुरू कर दिया.
बताया जा रहा है कि युवक ने अपने रिश्तेदारों से करीब 7 लाख रुपये, गांव के लोगों से लगभग 2.5 लाख रुपये, एक ऑनलाइन गेम प्लेटफॉर्म से 40 हजार रुपये, बरही स्थित आरके होटल से 1 लाख रुपये और चतरा के एक अन्य होटल से करीब 2 लाख रुपये की ठगी की है.
आरोपी के पिता फूलन साव, जो पेशे से सवारी गाड़ी चलाते हैं, अपने बेटे की हरकतों से बेहद परेशान थे. उन्होंने कई बार प्रशासन से उसे गिरफ्तार करने की मांग की है. पिता का कहना है कि उन्होंने बेटे को अच्छी शिक्षा देने के लिए कई शहरों में पढ़ाया और वह एमए तक की पढ़ाई कर चुका है, लेकिन अब वही उनके लिए चिंता का कारण बन गया है.
युवक पहले लोगों का भरोसा जीतता है और फिर माता-पिता के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर पैसों की मांग करता है. शुरुआत में युवक अपने गांव और आसपास के लोगों को निशाना बना रहा था, लेकिन अब वह होटल संचालकों को भी ठगने लगा है. ठगी के शिकार लोगों, लगातार दबाव बनाए जाने के कारण उसके पिता को भी धमकियां मिलने लगी हैं, जिससे परिवार दहशत में है.
पिता ने अपने बेटे की तस्वीर जारी कर लोगों से अपील की है कि यदि वह कहीं दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और उससे सतर्क रहें. उनका कहना है कि उनका बेटा लोगों को झांसा देकर पैसे ठगने का आदी हो चुका है. बता दें कि स्थानीय लोगों के अनुसार साल 2020 से पहले तक युवक एक मेधावी छात्र के रूप में जाना जाता था. लेकिन गेमिंग की लत ने उसे बिगाड दिया. वही अब उसकी गतिविधियों से परिवार और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


