धनबाद में किन्नर समुदाय के बीच झड़प में चार घायल, जोड़ापोखर के पंजाबिधोडा में आपसी विवाद

    Four injured in clash between transgender community in Dhanbad, mutual dispute in Punjabidhoda of Jodapokhar | धनबाद में किन्नर समुदाय के बीच झड़प में चार घायल,  जोड़ापोखर के पंजाबिधोडा में आपसी विवाद

    धनबाद : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबिधोडा में शनिवार को किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद ने झड़प रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि श्वेता किन्नर समेत तीन अन्य लोगों पर उनके ही समुदाय के एक किन्नर ने लाठी-डंडे और पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में चार किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिनमें कुछ के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया जहां सभी का इलाज किया जा रहा है.

    समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं घायल श्वेता किन्नर

    घायल श्वेता किन्नर ने मीडिया को बताया कि वह समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और कई सामाजिक कार्यक्रमों में ब्रांड एंबेसडर की भूमिका भी निभा रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय के ही एक व्यक्ति ने ईर्ष्या और आपसी रंजिश के चलते उन पर और उनके साथियों पर हमला किया. श्वेता ने कहा कि छम-छम माता ने मुझे कई कार्यों का जिम्मा सौंपा है. इसी कारण कुछ लोग मुझसे जलन रखते हैं और इसी रंजिश में जानलेवा हमला किया गया.

    पहले भी एक-दो बार जान से मारने की मिल चुकी थी धमकी

    श्वेता किन्नर का यह भी कहना है कि उन्हें इससे पहले भी एक-दो बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी और इस संबंध में थाना को जानकारी दी गई थी. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है. वहीं जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद के कारण मारपीट की घटना हुई है जिसमें चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने सभी घायलों को पहले इलाज के लिए अस्पताल भेजा है और मामले की जांच की जा रही है.

    रिपोर्ट – निरज कुमार



    Related News