गढ़वा में पहली बार मुसहर समाज को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, बच्चे भी जाएंगे स्कूल

    गढ़वा में पहली बार मुसहर समाज को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, बच्चे भी जाएंगे स्कूल

    गढ़वा(GARHWA): राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर शुरू की गई सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से वंचित समाज के लोगों को योजनाओं से लगातार जोड़ा जा रहा है, यह कार्यक्रम अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को समाज और योजनाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है. बता दें कि इस योजना के तहत वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है और उसमे लगातार सफलता भी मिल रही है.

    कई सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया

    बता दें कि इस योजना के माध्यम से पिछले कई सालों से सरकारी योजनाओं से वंचित रहे मुसहर समाज के लोगों को पहली बार सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है. गढ़वा के कल्याणपुर पंचायत स्थित धर्मडीहा से इसकी शुरुआत कर दी गई है. यहां रहने वाले 77 मुसहर परिवार के लोगों का डोर टू डोर सर्वे कराकर उन्हें शत प्रतिशत सर्वजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, राशनकार्ड और 10 परिवार को बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास स्वीकृत किया गया है.

    जमीन का पट्टा देने की प्रक्रिया भी शुरू

    इसके अलावा मुसहर परिवार के लोगों को जमीन का पट्टा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. सभी परिवार को शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए पेयजल की व्यवस्था की जा रही है. पांच मुसहर परिवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से 24 परिवार को जोड़ते हुए बतख, बकरी और सूअर पालन के तहत पशुशेड उपलब्ध कराया जा रहा है.

    अब मुसहर समाज के बच्चे भी जाएंगे स्कूल

    गढ़वा के कल्याणपुर पंचायत में हुए सर्वे में यह बात सामने आया है कि मुसहर समुदाय के कई बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं. इसके बाद गढ़वा के उपायुक्त के निर्देश पर ऐसे 13 बच्चों का नामांकन स्कूल में कराया गया. साथ ही उन्हें स्कूल किट भी दिया गया. इसके अलावा ये बच्चे स्कूल ना छोड़ें,  इसकी समय-समय पर समीक्षा करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी और स्कूल प्रबंधन को दिया गया है.

    सभी मुसहर परिवार को लाभ देने की योजना

    दरअसल, पहले चरण में गढ़वा के कल्याणपुर पंचायत में निवास करने वाले मुसहर परिवार को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है. वहीं, दूसरी ओर पूरे जिला में मुसहर परिवार की पहचान और उनका सर्वे करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इन परिवारों को भी विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा. इसके लिए विभिन्न प्रखंडों में बीडीओ द्वारा बस्तियों में निरीक्षण कर संवाद स्थापित किया जा रहा है. दो महीने के अंदर सर्वे पूरा कर लिया जाएगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news