सिंह मेन्शन, अमन सिंह और प्रिंस खान के पांच लोग फिर हुए दूसरी जेल में शिफ्ट, जानिए डिटेल्स

    सिंह मेन्शन, अमन सिंह और प्रिंस खान के पांच लोग फिर हुए दूसरी जेल में शिफ्ट, जानिए डिटेल्स

    धनबाद(DHANBAD): सड़क, गली, मोहल्ले ,इलाके की बात कौन कहे, धनबाद मंडल कारा में भी अपने को "पावरफुल" मनवाने के लिए मारपीट होती है. टेटुआ दबाया जाता है. इसी साल अप्रैल के महीने में सिंह मेंशन और प्रिंस खान के लोगों के बीच मारपीट होने के बाद तथाकथित दबंग बंदियो  को दूसरी  जेल में शिफ्ट करने का सिलसिला जारी है. पहले 3  को दूसरी  जेलों  में शिफ्ट किया गया था.  फिर 5 लोगों को शिफ्ट किया गया है.  अभी जिन लोगों को शिफ्ट किया गया है, उनमेँ  कथित रूप से सिंह मेंशन के समर्थक, अमन सिंह और प्रिंस खान के लोग शामिल है. 

    जेल की विधि -व्यवस्था ख़राब करने का था आरोप 

    जेल प्रशासन और जिला पुलिस ने जेल की विधि -व्यवस्था खराब करने और अपराधिक गतिविधियों में शामिल  रहने के आरोप में  कुछ चिन्हित बंदियों  को दूसरी  जेल में शिफ्ट करने की सिफारिश की थी.  धनबाद के डीसी ने  बंद लोगो  की जेल  शिफ्टिंग के लिए जेल आईजी को अनुशंसा की थी.  जेल आईजी के आदेश पर जेल प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच नीरज हत्याकांड में जेल में बंद झरिया के विनोद सिंह को चास जेल, प्रिंस और अमन के लिए काम करने वाले निमियाघाट के विशाल मिश्रा को तेनुघाट जेल, नीरज तिवारी मर्डर केस में आरोपी और अमन सिंह के करीबी गणेश गुप्ता को मधुपुर जेल , प्रिंस खान के करीबी डिक्की  अंसारी को मेदनीपुर और हार्डकोर विक्रम मंडल को गोड्डा  जेल भेज दिया गया है. 

    तीन को पहले किया गया था शिफ्ट 

     इसके पहले  अनवर को दुमका, भोमा  राजा को जामताड़ा और विक्की  डोम  को चतरा जेल में शिफ्ट किया गया था.  इन  बंदियों  पर कड़ी नजर रखी जा रही थी.  धनबाद मंडल कारा में इसी साल अप्रैल महीने में मारपीट हुई थी.  मारपीट  इतना बढ़ गया था कि देखते-देखते दोनों तरफ से दर्जनों लोग मारपीट करने लगे थे.  इसके बाद तो जेल प्रशासन ने पगली घंटी बजा दी और उसके बाद  अतिरिक्त बल को जेल में बुला लिया गया था.  तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आई थी.  उसके बाद से ही इन बंदियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी और अब धीरे-धीरे दूसरे जेल में शिफ्ट किया जा रहा है . 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News